मंदबुद्धि रिश्तेदार की कीमती जमीन पत्नी के नाम कराई रजिस्ट्री

10 लाख का झांसा देकर नहीं दिया एक रुपया, 2 भू-माफिया गिरफ्तार

अंबिकापुर। भोले-भाले ग्रामीणों से जमीन के नाम पर धोखाधड़ी और छल-कपट करके जमीन हड़पने के मामले में रघुनाथपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

मामला थाना लुण्ड्रा क्षेत्र के ग्राम ऊंचडीह का है। प्रार्थिया मंगली बाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी खसरा नंबर 29/2 और 61/2 की जमीन बेचना चाहती थी। आरोपी रंजय कुमार जायसवाल ने बिचौलिए छेरतु यादव के माध्यम से 10 लाख रुपये में सौदा तय किया। बीते 29 जुलाई को आरोपी पीड़िता और उसके बेटे को अंबिकापुर रजिस्ट्री कार्यालय ले गया, हस्ताक्षर करा लिए और घर पर पैसा देने का झूठा भरोसा दिया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने तय जमीन के बजाय पीड़िता की मंदबुद्धि सगी रिश्तेदार और उसके बेटे के नाम की दूसरी कीमती जमीनों की रजिस्ट्री छल से अपनी पत्नी के नाम करा ली और एक रुपया भी नहीं दिया। इस पर अपराध क्रमांक 228/26 धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज हुआ।इसी तरह आरोपी रंजय जायसवाल और अमरसाय मानिकपुरी ने गंगापुर निवासी धनेश्वरी पनिका के साथ भी इसी पैटर्न पर धोखाधड़ी की, जिस पर अपराध क्रमांक 230/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी रंजय कुमार जायसवाल पिता त्रिलोकीनाथ जायसवाल 42 वर्ष निवासी ग्राम बटवाही और अमरसाय मानिकपुरी पिता नईहर साय 30 वर्ष निवासी गंगापुर धनौलीपारा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मूल रजिस्ट्री पेपर जब्त किए हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Share with