Uncategorized

समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक चंद्रभूषण प्रसाद निलंबित

बलरामपुर जिले में समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक चंद्रभूषण प्रसाद को लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 28 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, चंद्रभूषण प्रसाद पर शिक्षकों के संलग्नीकरण में शासन के नियमों का उल्लंघन करने और स्वेच्छाचारिता बरतने का आरोप है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि जिला मिशन समन्वयक द्वारा प्राथमिक शाला लुरगी, रामचंद्रपुर में पदस्थ शिक्षिका निर्मला जायसवाल को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर वापस करने के दौरान 50 सीटर छात्रावास लुरगी, रामचंद्रपुर के अधीक्षक का प्रभार सौंपा गया था। संचालनालय ने इसे शासन की नीति के विपरीत माना है। जारी आदेश में छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के संलग्नीकरण संबंधी निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया है कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना संलग्नीकरण करना नियमों का उल्लंघन है। आदेश के अनुसार, संबंधित अधिकारी का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत पाया गया है।

लोक शिक्षण संचालनालय ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत चंद्रभूषण प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग सरगुजा निर्धारित किया है।

Share with