भाजपा नेत्री पर लगा नौकरी का झांसा देकर 5 लाख रुपये की ठगी आरोप

शिकायत के बाद SP का एक्शन, BJP नेत्री संतोषी दुबे को परिवार परामर्श केंद्र से हटाया

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर और भाजपा नेत्री संतोषी दुबे पर नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संतोषी दुबे की काउंसलर पद पर नियुक्ति रद्द कर दी है। वहीं, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के लिए DSP को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नौकरी दिलाने के नाम पर लिए 5 लाख रुपये

मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी पारस जैन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संतोषी दुबे ने एक एनजीओ के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। इसके एवज में शिकायतकर्ता की ओर से संतोषी दुबे को चेक के माध्यम से 1.50 लाख रुपये दिए गए।

वहीं, उनके एक सहयोगी को 3.50 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इस तरह कुल 5 लाख रुपये दिए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी किसी को नौकरी नहीं मिली और न ही पैसे वापस किए गए।

SP ने तत्काल प्रभाव से रद्द की नियुक्ति

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने प्रशासनिक कार्रवाई की है। उन्होंने परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के पद पर कार्यरत संतोषी दुबे की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। संतोषी दुबे महिला थाना परिसर में संचालित परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

मामले की निष्पक्ष जांच के लिए परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस की ओर से शिकायत में लगाए गए आरोपों और चेक के माध्यम से हुए वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।

Share with