कांग्रेस की नई सूची से देवेंद्र यादव बाहर, भूपेश खेमे का तंज- ‘बाप तो बाप रहेगा….’

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में चल रही गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। गुरुवार को जारी कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिवों की नई सूची में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का नाम शामिल न होने को पार्टी के भूपेश बघेल गुट ने अपनी बड़ी जीत के रूप में प्रचारित करना शुरू कर दिया है। वहीं, इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा भी कांग्रेस पर तंज कस रही है।


इस सियासी हलचल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी मनीष बंछोर का सोशल मीडिया पोस्ट सुर्खियों में है। बंछोर ने अपने पोस्ट में लिखा- “बाप तो बाप रहेगा, जिस डाल पर बैठे उसी को काटोगे तो गिरना तय है.. इति सिद्धम..”। अपने इस पोस्ट के साथ उन्होंने गुरुवार को जारी कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों की सूची भी साझा की, जिससे इसे देवेंद्र यादव से जोड़कर देखा जा रहा है।

भाजपा ने ली चुटकी

कांग्रेस के भीतर के इस घमासान पर भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के मुख्य प्रवक्ता और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने वीडियो जारी कर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वेष, क्लेश, कलह और गुटबाजी में फंसी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में “अपनी डफली अपना राग, अपना नगाड़ा अपना फाग” जैसी स्थिति बनी हुई है और इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को लेकर निशाना साधा है।

Share with