वन विभाग ने दबिश देकर साल के 33 नग चौखट-पटरे जब्त किए

अंबिकापुर। सरगुजा वनमंडल ने वन अपराधों पर नियंत्रण के लिए चल रही कार्रवाई के क्रम में सर्च वारंट के आधार पर वन परिक्षेत्र अंबिकापुर, बीट खलीबा अंतर्गत दबिश देकर तलाशी की कार्रवाई की गई। इस दौरान साल प्रजाति की लकड़ी के 33 चौखट एवं पटरे जब्त किए गए। जब्त की गई वन संपदा की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।

जानकारी के मुताबिक, 23 नवम्बर को सर्च वारंट के साथ वन विभाग की टीम ने संबंधित परिसर में दबिश दी। टीम को सूचना मिली थी कि एक परिसर में अवैध रूप से साल की लकड़ी का भंडारण कर चौखट-पटरे बनाए जा रहे हैं। सूचना को पुख्ता करने के बाद कोर्ट से सर्च वारंट लिया गया और नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान देवी शंकर शुक्ला पिता राम अंचल शुक्ला, निवासी ग्राम घंघरी के परिसर से साल प्रजाति की लकड़ी के कुल 33 नग चौखट एवं पटरे बरामद किए गए। मौके पर लकड़ी का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर वन विभाग ने पूरी लकड़ी को जब्त करके पंचनामा तैयार किया।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार साल प्रजाति की लकड़ी प्रतिबंधित श्रेणी में आती है। बिना अनुमति के इसकी कटाई, परिवहन और भंडारण गंभीर वन अपराध है। इसे देखते हुए मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम जांच एवं कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा हेतु सतत कार्रवाई जारी रहेगी। जंगल से लकड़ी काटकर चौखट, पटरे और फर्नीचर बनाने वाले गिरोह पर विभाग की विशेष नजर है।

ग्रामीणों के अनुसार, घंघरी और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से अवैध लकड़ी कटाई की शिकायतें मिल रही थीं। वन विभाग की कार्रवाई को लेकर इलाके में वन सम्पदा को क्षति पहुंचाने वाले पशोपेश में हैं। विभाग ने अपील की है कि, वन संपदा के अवैध दोहन की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। फिलहाल जब्त लकड़ी को वन विभाग के कब्जे में सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में लगा है।

Share with