भर्ती विज्ञापन के बाद लागू वेतन कटौती नियम नहीं होंगे प्रभावी, व्याख्याता को पूरा वेतन देने का आदेश

हाई कोर्ट ने नियुक्ति तिथि से नियमित वेतनमान और सभी परिणामी लाभ देने के दिए निर्देश

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने परिवीक्षा अवधि के दौरान शिक्षकों को कम वेतन देने की व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद लागू किए गए नए वेतन संबंधी नियमों को पहले से शुरू हो चुकी भर्ती प्रक्रिया पर पिछली तारीख से लागू नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर हाई कोर्ट ने जीवविज्ञान के व्याख्याता विनोद कुमार वर्मा को नियुक्ति तिथि से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन और उससे जुड़े सभी परिणामी लाभ देने का आदेश दिया है।

मामले की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु की एकल पीठ में हुई। याचिकाकर्ता विनोद कुमार वर्मा की नियुक्ति 22 फरवरी 2021 को जीवविज्ञान व्याख्याता (टी संवर्ग) के पद पर शासकीय हाईस्कूल तिलौली, विकासखंड भरतपुर, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में हुई थी। इस भर्ती के लिए शासन ने 30 सितंबर 2019 को विज्ञापन जारी किया था।

दरअसल, भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद राज्य शासन ने 28 जुलाई 2020 को एक परिपत्र जारी कर परिवीक्षा अवधि के दौरान पहले वर्ष 70 प्रतिशत, दूसरे वर्ष 80 प्रतिशत और तीसरे वर्ष 90 प्रतिशत वेतन देने का प्रावधान लागू किया था। इसी व्यवस्था के तहत याचिकाकर्ता को कम वेतन दिया जा रहा था।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शोभित कोष्ठा ने दलील दी कि भर्ती प्रक्रिया 2019 में ही शुरू हो चुकी थी, जबकि वेतन कटौती का परिपत्र जुलाई 2020 में जारी हुआ। ऐसे में बाद में लागू नियमों को पूर्व से जारी भर्ती प्रक्रिया पर लागू करना उचित नहीं है। उन्होंने नियुक्ति तिथि से पूरा वेतन, बकाया राशि और अन्य लाभ देने की मांग की। शासन की ओर से पैनल लॉयर सौमित्र केशरवानी ने पक्ष रखा।

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने अमृत लाल साहू एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन मामले में दिए गए पूर्व फैसले का भी हवाला दिया। कोर्ट ने भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद लागू वेतन संबंधी नई व्यवस्था को पुरानी भर्ती प्रक्रिया पर पिछली तारीख से लागू करने के तर्क को स्वीकार नहीं किया।

अदालत ने विनोद कुमार वर्मा को 28 जुलाई 2020 के परिपत्र के तहत लागू वेतन कटौती व्यवस्था से राहत देते हुए नियुक्ति की तारीख से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन तथा उससे जुड़े सभी परिणामी लाभ प्रदान करने का आदेश दिया।

Share with