स्वास्थ्य मंत्री ने की नगरीय निकायों एवं निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा, अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश

गर्मी में पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी, एसईसीएल, पीएचई एवं नगरीय निकायों को संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं, जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में करें पूर्णरू स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य सेवाओं, नगरीय अधोसंरचना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा

एमसीबी। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री तथा मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिले के नगरीय निकायों एवं विभिन्न निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिक निगम चिरमिरी, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ सहित झगराखण्ड, खोंगापानी, नई लेदरी एवं जनकपुर नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं, अधोसंरचना निर्माण तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अप्रारंभ निर्माण कार्यों पर जताई चिंता, कार्ययोजना बनाकर शीघ्र शुरू करने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने जिले में स्वीकृति के बावजूद अप्रारंभ निर्माण कार्यों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ), नालंदा परिसर, विधायक निधि, नगरोत्थान योजना, सौंदर्यीकरण, गौरव पथ, सीसी रोड निर्माण, कम्पोजिट शेड निर्माण तथा वेस्ट टू वैल्यू घटक के अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने तथा प्रगतिरत कार्यों को लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री जायसवाल ने विभागवार कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं एवं निर्माण कार्यों में विलम्ब के कारणों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक परियोजना का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

गर्मी में पेयजल संकट की स्थिति निर्मित होने पर तय होगा अधिकारियों की जवाबदेही
स्वास्थ्य मंत्री ने आगामी ग्रीष्म काल में नगरीय निकाय क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि आगामी गर्मी के मौसम में नगरीय निकायों में पेयजल आपूर्ति में परेशानी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने एसईसीएल चिरमिरी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा समस्त नगरीय निकायों को आपसी समन्वय से पेयजल आपूर्ति की ठोस कार्ययोजना तैयार कर समय रहते कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें।

नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर
नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, अमृत मिशन, स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सड़क एवं नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा नगरीय अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्यों की निकायवार जानकारी ली गई। स्वास्थ्य मंत्री ने नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। ऐसे में सड़क, नाली, पेयजल एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगरीय निकाय गंभीरता से कार्य करें।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं
बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगर एवं ग्राम निवेश सहित अन्य संबंधित विभागों के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने सड़क, पुल-पुलिया, भवन, पेयजल संरचनाओं एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। संबंधित अधिकारी निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें, आवश्यक तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करें तथा कार्यों की प्रगति की सतत निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं।

आम नागरिकों को सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री जायसवाल ने जिले के स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय सुविधाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

पात्र हितग्राहियों तक पहुंच जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश दिए।

संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अधिकारी करें दायित्वों का निर्वहन
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विकास योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। सभी विभागीय अधिकारी जनहित से जुड़े कार्यों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहें। आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाएं तथा नियमित समीक्षा एवं निगरानी के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें। 

बैठक में नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती रविशंकर पैकरा, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार एवं श्रीमती नम्रता डोंगरे, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित नगरीय निकायों, स्वास्थ्य विभाग एवं विभिन्न निर्माण विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share with