घर का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये की चोरी , फल दुकान संचालक के घर वारदात, शाम 6 से 7 बजे के बीच चोरी की आशंका

बलरामपुर। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 5 में शुक्रवार शाम अज्ञात चोरों ने एक फल दुकान संचालक के घर का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 5 निवासी सत्येंद्र गुप्ता फल का व्यवसाय करते हैं। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे सत्येंद्र गुप्ता और उनके परिवार के अन्य सदस्य घर में ताला लगाकर चांदो चौक स्थित अपनी फल दुकान पर चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर को सूना पाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए।

बताया गया कि शाम करीब 7:25 बजे सत्येंद्र गुप्ता एवं परिवार के सदस्य जब वापस घर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इसके बाद घर में रखे नगद रुपये की जांच की गई, जिसमें करीब एक लाख रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई।

घर मालिक सत्येंद्र गुप्ता ने बताया कि अज्ञात चोर घर से करीब एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए हैं। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ एवं अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है। चोरी की इस घटना के बाद वार्डवासियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।

Share with