छत्तीसगढ़ में IAS अफसरों के विभाग बदले, दो वरिष्ठ अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार

 रायपुर : प्रशासनिक हलचल से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने दो IAS अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपने का आदेश जारी किया है। यह बदलाव IAS अधिकारी दीपक कुमार अग्रवाल के अवकाश पर जाने के कारण किया गया है।

दीपक कुमार अग्रवाल के अवकाश के दौरान संभाली जाएगी जिम्मेदारी

IAS दीपक कुमार अग्रवाल वर्तमान में नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही उनके पास सचिव, छत्तीसगढ़ लोक आयोग का अतिरिक्त प्रभार भी है।वह 9 सितंबर 2026 से 27 नवंबर 2026 तक अवकाश पर हैं। उनकी अनुपस्थिति में दोनों विभागों की जिम्मेदारियों को दूसरे अधिकारियों के बीच बांटा गया है।

इफ्फत आरा को मिला लोक आयोग का अतिरिक्त प्रभार

शासन के आदेश के अनुसार IAS इफ्फत आरा को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ सचिव, छत्तीसगढ़ लोक आयोग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।इफ्फत आरा वर्तमान में विशेष सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। अब उन्हें अपने वर्तमान कार्यों के साथ लोक आयोग के सचिव का दायित्व भी निभाना होगा।

राजेंद्र कुमार कटारा संभालेंगे खाद्य एवं औषधि प्रशासन

IAS राजेंद्र कुमार कटारा को नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह अपने वर्तमान पदों के साथ यह जिम्मेदारी भी संभालेंगे।राजेंद्र कुमार कटारा वर्तमान में विशेष सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर हैं। इसके अलावा उनके पास संचालक, आयुष और पंजीयक, फर्म एवं संस्थाएं का अतिरिक्त प्रभार भी है।

अवकाश अवधि तक लागू रहेगा यह प्रशासनिक बदलाव

शासन की ओर से किया गया यह प्रभार परिवर्तन दीपक कुमार अग्रवाल की अवकाश अवधि के दौरान प्रशासनिक कामकाज को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है। दोनों अधिकारियों को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Share with