इंडिया गठबंधन की वोट बचाओ-देश बचाओ रैली, सीईसी को हटाने की मांग

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत बोले-प्रधानमंत्री-गृहमंत्री सबसे बड़े अपराधी

अंबिकापुर । इंडिया गठबंधन के वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के प्रथम चरण के तहत सरगुजा में संयुक्त रैली निकाली गई। 8 अक्टूबर को कांग्रेस, सीपीएम और सीपीआई की यह रैली राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर विवेकानंद चौक पर आमसभा में तब्दील हुई।सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वोट चोरी से देश की संवैधानिक व्यवस्था नष्ट हो रही है, यह अपराध ज्ञानेश कुमार कर रहे हैं, उन्हें सजा मिलेगी। भाजपा का बचाव में आना बताता है कि दाल में काला है। निर्वाचन आयुक्त को तत्काल पद से हटाकर गिरफ्तार करना चाहिए। वोट चोरी को संरक्षण देने वाले प्रधानमंत्री और गृहमंत्री देश के सबसे बड़े अपराधी हैं।सीपीएम के कामरेड चंद्र प्रकाश शुक्ला ने कहा कि भाजपा के संरक्षण में निष्पक्ष चुनाव प्रणाली समाप्त कर दी गई है, वोट चोरी के जरिए असंवैधानिक सरकारें बनाई जा रही हैं और इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त सहयोग कर रहे हैं। सीपीआई के अनिल द्विवेदी ने मौजूदा चुनाव प्रणाली को इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी बताया। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि एसआईआर के नाम पर 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटने वाले सीईसी को भाजपा संरक्षण दे रही है, उनकी चोरी को संरक्षण देने वाले उनसे बड़े चोर हैं। विवेकानंद चौक की सभा के बाद रैली गांधी प्रतिमा गांधी चौक पहुंची, वहां कार्यकर्ताओं ने व्यस्क मताधिकार पर संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस ने मनाया काला दिवस

वहीं 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के सांसदों के चुनाव आयोग तक मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की बर्बर कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने काला दिवस मनाया। कार्यकर्ता काले बैनर-पोस्टर और काला फीता बांधकर रैली में शामिल हुए। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि अंग्रेजों का मुखबिर संघ परिवार वही आचरण कर रहा है जो उनके मालिक अंग्रेज करते थे। कांग्रेस न डरेगी न रुकेगी, गोरे अंग्रेजों को खदेड़ा है, अब उनके मुखबिरों को भी खदेड़ेंगे।

Share with