Uncategorized

जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में 112 बाल वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत किए नवाचार आधारित लघु शोध

राजेंद्र ठाकुर (राजू) ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर
बलरामपुर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बलरामपुर में जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (सम्मेलन) 2026 का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करना और उन्हें विज्ञान व नवाचार के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करना है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा निर्धारित मुख्य विषय ‘साइंस एंड इनोवेशन फॉर सस्टेनेबिलिटी’ के पाँच उपविषयों पर केंद्रित इस सम्मेलन में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 112 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नवाचार आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। सीनियर वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रनहत की कुमारी रोशनी सिंह ने ‘जैविक नियंत्रण’ प्रोजेक्ट के लिए प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़ की अनुष्का ने ‘कृषि एवं स्वास्थ्य’ के लिए द्वितीय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरता के पंकज कुमार ने ‘फूड, हेल्थ एवं आयुर्वेद’ प्रोजेक्ट के लिए तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रामानुजगंज की इति दुबे ‘फ्यूचर ऑफ डिसेलिनेशन’ प्रोजेक्ट के साथ प्रथम तथा पूर्व माध्यमिक शाला बादा, विकासखंड राजपुर की नीतू सिंह ‘पोषणयुक्त खाद्य पदार्थ का उत्पादन’ प्रोजेक्ट के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं। निर्णायकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रोजेक्ट की सराहना की।
कार्यक्रम के आयोजक श्री रविशंकर श्रीवास ने बताया कि जिले के विद्यार्थियों में विज्ञान गतिविधियों के प्रति रुझान लगातार बढ़ रहा है। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी 20 एवं 21 नवंबर 2026 को पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक सम्मेलन में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय के प्राचार्य श्री चंद्रशेखर प्रसाद गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

Share with