छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का तीन दिवसीय आंदोलन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी कर ली है। 17 से 19 नवंबर तक तीन दिनों तक अलग-अलग तरीकों से प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, थाली-चम्मच बजाकर विरोध और काली साड़ी व काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाने जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।

तीन दिनों तक अलग-अलग अंदाज में प्रदर्शन

आंदोलन के पहले दिन 17 नवंबर को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपनी समस्याओं और मांगों को सामने रखेंगी। दूसरे दिन 18 नवंबर को थाली-चम्मच बजाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। वहीं, 19 नवंबर को काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाते हुए विरोध दर्ज कराया जाएगा।

नियमितीकरण और 30 हजार रुपये मानदेय की मांग

आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करना शामिल है। इसके अलावा 5त्र मोबाइल उपलब्ध कराने, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये करने और पदोन्नति की सुविधा देने की मांग भी उठाई जा रही है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो दिसंबर में महापड़ाव

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से निर्णय नहीं लेती है तो 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेशभर में प्रस्तावित इस आंदोलन के जरिए कार्यकर्ता अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी में हैं।

Share with