रायपुर में बिना वैध लाइसेंस चल रही थी क्रीम फैक्ट्री, ड्रग विभाग की छापेमारी में बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त

रायपुर। पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आने के बाद अब राजधानी रायपुर में बिना वैध लाइसेंस कॉस्मेटिक क्रीम बनाने का मामला उजागर हुआ है। फूड एंड ड्रग विभाग की टीम ने महावीर नगर स्थित महेंद्र सचदेवा के क्रीम निर्माण ठिकाने पर छापेमार कार्रवाई की। जांच में खुलासा हुआ कि यहां पिछले करीब एक साल से क्रीम बनाने का काम किया जा रहा था, जबकि निर्माण के लिए जरूरी लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी थी।

कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने मौके से मॉम व्हाइटनिंग क्रीम, ग्लैमरिक्स और क्विंज पर्ल फेस सीरम सहित कई उत्पाद जब्त किए। इसके साथ ही क्रीम बनाने और उनकी पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी कब्जे में ली गई है।इस मामले में महेंद्र सचदेवा ने विभागीय टीम को बताया कि उन्हें लाइसेंस की अवधि समाप्त होने की जानकारी नहीं थी। हालांकि, विभाग ने सामग्री जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले रायपुर के गोल बाजार में पाकिस्तान में निर्मित प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आया था। सूचना मिलने पर ड्रग विभाग की टीम ने दुकानों में छापेमारी की थी। इस दौरान ओम ब्यूटी सेंटर से कुल 236 क्रीम जब्त की गई थीं। इनमें 218 गोरी क्रीम और 18 चांदनी क्रीम शामिल थीं। जब्त उत्पादों की कुल कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई थी।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद राजधानी में कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण और बिक्री को लेकर विभागीय निगरानी तेज हो गई है। फिलहाल महावीर नगर स्थित निर्माण ठिकाने से जब्त सामग्री की जांच की जा रही है।

Share with