25 करोड़ की रंगदारी मामले में बड़ा एक्शन

फरार शोएब ढेबर की मदद और गोपनीय सूचना लीक करने के आरोप में निरीक्षक विनीत दुबे सस्पेंड

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर की तलाश के बीच पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तारी से बचाने और पुलिस की गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले में निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे के संदिग्ध आचरण को निलंबन का आधार बनाया गया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि फरार शोएब ढेबर को पकडऩे के लिए खम्हारडीह क्षेत्र में दबिश देने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, कार्रवाई से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इसके बाद पुलिस की रणनीति और गोपनीय जानकारी लीक होने की आशंका पर विभागीय स्तर पर जांच शुरू की गई। इससे पहले इस मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (्रष्टष्ट) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे पर हुई कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में यह मामला फिर सुर्खियों में है।

शोएब ढेबर पर घोषित हुआ 15 हजार रुपये का इनाम

फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की राशि भी बढ़ाई है। सेंट्रल डीसीपी की ओर से पहले 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वहीं, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अलग से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इस तरह आरोपी की जानकारी देने वाले व्यक्ति को कुल 15 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

जानिए क्या है 25 करोड़ की रंगदारी का मामला?

मामले के अनुसार, 14 सितंबर को कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही कुकरेजा, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

शिकायत के बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शोएब ढेबर को पकड़ा गया था। उसके कब्जे से मामले से जुड़े पांच आईफोन भी जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई थी।

बाद में पुलिस ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया, जिसे मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद से शोएब ढेबर फरार है। फिलहाल रायपुर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है, वहीं गोपनीय सूचना लीक होने के मामले में विभागीय कार्रवाई भी जारी है।

Share with