प्रतापपुर विधायक की जाति पर फिर सियासी बवाल, दीपक बैज ने लगाया फर्जी प्रमाण पत्र का आरोप

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के जाति प्रमाण पत्र को लेकर एक बार फिर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विधायक पर कथित फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर चुनाव लडऩे का आरोप लगाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।दरअसल, प्रतापपुर के ग्राम गोटगवां में कांग्रेस की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए दीपक बैज ने कहा कि प्रतापपुर विधायक के जाति प्रमाण पत्र का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के लोग भी इस मामले को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं और राज्य स्तर पर संबंधित दस्तावेज वापस आ चुके हैं। बैज ने आरोप लगाया कि फर्जी प्रमाण पत्र बनवाकर जनता को गुमराह किया गया है। उन्होंने लोगों से ऐसे मामलों में सतर्क रहने की अपील की।

कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इनमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित पार्टी के अन्य नेता शामिल थे। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र दुबे के निवास पर किया गया था। गौरतलब है कि प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के जाति प्रमाण पत्र से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है।

इसी बीच दीपक बैज के बयान ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, जाति प्रमाण पत्र को लेकर अंतिम स्थिति न्यायिक प्रक्रिया के फैसले से ही स्पष्ट होगी।

Share with