50 लाख की चोरी पर पुलिस की सुस्ती से भड़के व्यापारी, मंत्री ने फोन पर टीआई को लगाई फटकार

अंबिकापुर। शहर में 50 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस कार्रवाई में देरी को लेकर व्यापारियों में आक्रोश देखा गया। खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग में कर्मचारियों पर लाखों रुपये की चोरी करने का आरोप है। ठोस कार्रवाई न होने से नाराज व्यापारियों ने अग्रसेन भवन में बैठक आयोजित की, जिसमें मंत्री राजेश अग्रवाल भी शामिल हुए।

बैठक में जताई नाराजगी

बैठक के दौरान व्यापारियों ने मामले में अब तक हुई कार्रवाई को लेकर असंतोष जताया। व्यापारियों की समस्या सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने मौके से ही कोतवाली टीआई को फोन किया और जांच व कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

फोन पर हुई बातचीत में कोतवाली टीआई ने अगले दो से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान व्यापारियों की नाराजगी और माहौल के बीच मंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि व्यापारियों ने उन्हें घेर रखा है, इसलिए चोरों को पकड़कर उन्हें छुड़ाने आ जाइए।

मंत्री और कोतवाली टीआई के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में व्यापारियों के विरोध और मंत्री के हस्तक्षेप के बाद अब आगे की पुलिस कार्रवाई पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

Share with