Uncategorized

जेवर दुकान का ताला तोड़कर 700 ग्राम चांदी के जेवर और आर्टिफिशियल जेवर की चोरी

स्निफर डॉग के अंबेडकर चौक तक पहुंचने के बाद ठिठका कदम

अंबिकापुर। शहर के नावापारा में चोरों ने रात में ज्वेलरी शॉप का ताला तोड़कर करीब 700 ग्राम चांदी के जेवर पार कर दिया। घटना मंगलवार रात की है, इसकी जानकारी बुधवार सुबह दुकान संचालिका को हुई। गांधी नगर पुलिस और डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।नावापारा निवासी निधि सोनी घर में ही श्याम जी ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाती हैं। मंगलवार रात दुकान बंद कर वे परिवार के साथ पहली मंजिल पर चली गईं। बुधवार सुबह नीचे दुकान खोलने पहुंचीं तो शटर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। काउंटर में रखे चांदी के ब्रेसलेट सहित करीब 700 ग्राम चांदी के जेवर और आर्टिफिशियल ज्वेलरी गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।सूचना पर गांधी नगर पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा। खोजी कुत्ता दुकान के बगल से सड़क होते हुए गली के रास्ते अंबेडकर चौक तक गया, उसके बाद ट्रेल खत्म हो गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश कर रही है। दुकान संचालिका ने बताया कि वह रोजाना सोने-चांदी के महंगे जेवर दुकान बंद करने के बाद घर ले जाती हैं। घटना वाले दिन भी सोने के जेवर वह ऊपर ले गई थीं, दुकान में ब्रेसलेट और अन्य चांदी के आभूषण ही रखे थे, जिन्हें चोर ले गए।

Share with