शराब के नशे में स्कूल आने और बच्चों को टंकी का गंदा पानी पिलाने का आरोप

बरकेला स्कूल से शिक्षक को हटाने की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरकेला के शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को फूट पड़ा। शिक्षक को हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्कूल परिसर के सामने हड़ताल कर जमकर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक अरुण सिंह लंबे समय से बरकेला में पदस्थ हैं और उनकी कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षक अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं और बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते, जिससे स्कूल की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। ग्रामीणों ने इससे भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल में बच्चों को पीने के लिए टंकी में जमा गंदा पानी दिया जा रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में कई बार शिक्षा विभाग को लिखित ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन की सूचना पर दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने एक बार फिर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शिक्षक को तत्काल हटाने और स्कूल की पूरी व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। अब बड़ा सवाल यह है कि लगातार शिकायतों और ग्रामीणों के विरोध के बाद भी विभाग मौन क्यों है? क्या इस बार के प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग जागेगा?

Share with