आहार और श्वांस नली में फंसे नकली दांत को 5 घंटे के ऑपरेशन के बाद निकाला

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों ने बचाई महिला की जान

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के ईएनटी और सर्जरी विभाग की टीम ने एक जटिल ऑपरेशन कर 50 वर्षीय महिला की जान बचाई। पानी पीते समय महिला के नकली दांत गले से होकर आहार नली और श्वांस नली में अटक गए थे।जानकारी के मुताबिक, रंजना (50 वर्ष) निवासी अंबिकापुर ने ऊपर के चार दांत नकली लगवाए थे। 4 अक्टूबर की सुबह वह पानी पी रही थी, तभी अचानक उसके नकली दांत निकलकर पानी के साथ गले में चले गया और वह उसे निगल गई। इसके बाद महिला को सांस लेने और कुछ भी निगलने में भारी तकलीफ होने लगी। परिजन तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे। यहां जांच के बाद दांत आहार नली और श्वांस नली के बीच दांतों के फंसने का पता चला। ईएनटी और सर्जरी विभाग के विशेषज्ञों ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।

इन डॉक्टरों की टीम ने किया ऑपरेशन

महिला को राहत दिलाने में ईएनटी विभाग से डॉ. अनुपम मिंज, सर्जन डॉ. मनोज भारती, डॉ. उषा, डॉ. महिमा, डॉ. अनामिका, डॉ. संदीप, डॉ. प्रेरणा, डॉ. प्रतिक्षा और डॉ. वासुदेव की टीम की सराहनीय भूमिका रही। लगभग पांच घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद महिला के गले में फंसे नकली दांतों को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। सफल ऑपरेशन के बाद महिला के स्वजन ने डॉक्टरों की टीम का आभार जताया है।

संक्रमण और सांस रुकने का था खतरा

अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या ने चिकित्सकों की टीम के द्वारा महिला की जीवनरक्षा के लिए उपलब्ध कराई गई त्वरित जांच व उपचार सुविधा की सराहना की है। ऑपरेशन में शामिल डॉक्टरों के अनुसार अगर समय पर ऑपरेशन नहीं होता तो महिला की जान को गंभीर खतरा हो सकता था, क्योंकि दांत दोनों नलियों में फंसने से संक्रमण और सांस रुकने का खतरा था। फिलहाल महिला की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

Share with