विकसित भारत के संकल्प के साथ निकली सेवा ज्योति यात्रा, केंद्रीय मंत्री ने दिलाई शपथ

अंबिकापुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार, 7 अक्टूबर को अंबिकापुर के कलाकेंद्र मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, जिला प्रभारी गोपाल साहू, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो, महापौर मंजूषा भगत और जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। सभा में अतिथियों के साथ उपस्थित लोगों ने वंदेमातरम् गीत गाया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव संदेश का श्रवण किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा और सुशासन की यात्रा देश के विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण रही है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रहे हैं। अनुराग सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है, यह अभियान जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है। भारत सिंह सिसोदिया ने अपने प्रस्तावना उद्बोधन में कहा कि पीएम मोदी की 25 वर्षों की यात्रा देश के लिए प्रेरणादायी है। सभा के अंत में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया एक ही बाइक पर सवार होकर सेवा ज्योति यात्रा पर निकले। भाजपा पदाधिकारियों एवं भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निशांत सिंह सोलू के नेतृत्व में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की बाइक रैली कलाकेंद्र मैदान से महामाया चौक, जयस्तंभ चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, जेल रोड, नगर पालिका निगम, सेवा ज्योति चौक होते हुए गांधी चौक पहुंची, जहां मानव रंगोली बनाकर प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया गया। मंच संचालन भाजपा के जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह ने किया तथा जिला मंत्री वैभव सिंहदेव ने आभार व्यक्त किया। अंत में मंत्री तोखन साहू ने उपस्थित जनों को विकसित भारत सेवा संकल्प की शपथ दिलाई तथा अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, सहकारी बैंक अध्यक्ष रामकिशुन सिंह, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, मधुसूदन शुक्ला, विकास पांडेय, मधु चौदाहा, चंद्रिका प्रसाद यादव, पायल सिंह तोमर, रूपेश दुबे, देवनाथ सिंह, निलेश सिंह, अभिषेक शर्मा, मनोज गुप्ता, कमलेश तिवारी, मयंक जायसवाल, जतीन परमार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निशांत सिंह सोलू, प्रिया सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

Share with