Uncategorized

शिक्षिका की भूमिका में दिखीं कलेक्टर ब्लैकबोर्ड पर लिखा मैंगिफेरा इंडिका और ग्लोब से समझाया देशों का भूगोल

राजेंद्र ठाकुर (राजू) ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजगंज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं वाणिज्य, 11वीं कला तथा 11वीं जीवविज्ञान की कक्षाओं में पहुँचकर विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम पर चर्चा की और उनकी पढ़ाई की प्रगति जानी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एक शिक्षिका की भूमिका में भी नजर आईं। कक्षा 11वीं जीवविज्ञान में उन्होंने हाथ में चॉक लेकर ब्लैकबोर्ड पर ‘‘मैंगिफेरा इंडिका’’ लिखा और विद्यार्थियों से पूछा कि यह किस फल का वानस्पतिक नाम है। विद्यार्थियों ने तत्परता से उत्तर दिया कि यह फलों के राजा आम का वानस्पतिक नाम है। सही उत्तर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। इसी तरह कक्षा 11वीं कला में उन्होंने ग्लोब मंगवाकर विद्यार्थियों को विभिन्न देशों की भौगोलिक स्थिति का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया, जिससे बच्चों ने रुचि के साथ भूगोल को समझा।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास के साथ पैटर्न आधारित तैयारी और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे लगन से पढ़ाई कर टॉपर बनें और आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर तथा आईएएस अधिकारी बनकर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन करें।
विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने प्राचार्य को कक्षाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गृहकार्य के साथ प्रतिदिन कक्षा में ही विद्यार्थियों को अभ्यास कार्य देने के निर्देश दिए। उन्होंने पढ़ाए जा चुके पाठ्यक्रम का नियमित पुनरावलोकन कराने और बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों से पुराने प्रश्नपत्र हल कराने को कहा, ताकि वे परीक्षा के स्वरूप से भली-भाँति परिचित हो सकें। साथ ही विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रायोगिक कार्य कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शिक्षकों से ऐसी प्रभावी शिक्षण विधियाँ अपनाने का आग्रह किया, जिनसे विद्यार्थी विषयों को सरलता और रुचि के साथ समझ सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समर्पण और विद्यार्थियों की मेहनत ही बेहतर परीक्षा परिणाम की नींव है।

Share with