संगम चौक पर भटके दो मासूम, कोतवाली पुलिस ने घंटे भर में स्वजन से मिलाया

अंबिकापुर। संगम चौक पर लावारिस हालत में घूम रहे दो मासूमों को सरगुजा पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए चंद घंटों में उनके परिजनों से मिला दिया। बच्चों को सुरक्षित देख परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में गुम और लावारिस बालकों के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश सभी थाना-चौकी प्रभारियों को दिए गए हैं। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को संगम चौक में दो बच्चे लावारिस घूमते मिलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम और स्थानीय नागरिकों ने दोनों नाबालिगों को सुरक्षार्थ थाना लाया। बच्चों से आत्मीयता से बातचीत कर उनके निवास और परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई गई। प्राप्त जानकारी के आधार पर आसपास के क्षेत्रों में परिजनों की पतासाजी शुरू की गई। कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज घंटे भर के भीतर परिजनों का पता लगा लिया गया। थाना पहुंचने पर दोनों बच्चों को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, आरक्षक कुश सोनी और नगर सैनिक संतोष पाठक की सक्रिय भूमिका रही।

Share with