Uncategorized

बेकाबू ट्रैक्टर स्कूटी सवार महिला के लिए बना काल, इलाके में मचा बवाल

तहसीलदार, एसडीओपी व थानेदार को बंधक बनाकर फूंका ट्रैक्टर और जनरेटर

8 घंटे से शव सड़क पर रखकर कर रहे प्रदर्शन, सड़क जाम रहने से बढ़ी परेशानी

सूरजपुर/चांदनी बिहारपुर। सूरजपुर जिले के दूरस्थ क्षेत्र चांदनी बिहारपुर के ग्राम पंचायत कुबेरपुर में अनियंत्रित ट्रेक्टर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया। करीब 8 घण्टे से ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम जारी है। भड़के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे तहसीलदार, एसडीओपी और नगर निरीक्षक को घेरकर रखा है। वहीं क्रेसर के जीडी जनरेटर व ट्रेक्टर को आग के हवाले कर दिया है। ग्रामीणों के सड़क जाम करने से मध्यप्रदेश से छतीसगढ़ को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है और सड़क पर वाहनों की कतारें लग गई है।
सूरजपुर-विश्रामपुर मार्ग में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक छात्रा की दर्दनाक मौत से शुक्रवार को सूरजपुर शहर में शोक का माहौल रहा। इस घटना के 24 घण्टे भी नहीं बीते थे कि बिहारपुर में पत्थर लोड ट्रैक्टर ने एक महिला की जान ले ली। बताया जा रहा है कि कुबेरपुर निवासी संजय जायसवाल की पत्नी चंद्रावती जायसवाल शनिवार की दोपहर को बिहारपुर चौक से पूजा का सामान लेकर अपनी स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव की बस्ती में चल रहे पाठक क्रेशर से एक गिट्टी लोड ट्रेक्टर अनियंत्रित रफ्तार से निकला और स्कूटी सवार महिला को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में ट्रैक्टर का पहिया स्कूटी सवार महिला चंद्रावती के ऊपर से निकल गया, जिससे महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर लेकर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से पूरे चांदनी क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। बताया गया है कि यह चक्काजाम पिछले करीब 8 घण्टे से जारी है। ग्रामीणों की मांग है कि बस्ती के अंदर चल रहे अवैध क्रेशर को तत्काल से हटाया जाए। दुर्घटनाकरित ट्रैक्टर और उसके चालक को सामने लाया जाए। मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि, जब तक शासन-प्रशासन उनकी मांगें नहीं मानेगा, तब तक चक्काजाम खत्म नहीं होगा। घटना के घण्टों बाद तक मौके पर कोई प्रशासनिक अधिकारी के नहीं पहुंचने से ग्रामीण और उत्तेजित हो गए थे। मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को समझने का प्रयास भी किया मगर भड़के ग्रामीण नहीं माने।
आक्रोश को देखते हुए पुलिस फोर्स बुलाई गई
गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर तहसीलदार के.सी. जाटवर, एसडीओपी, निरीक्षक को बंधक बना रखा है। वही क्रेसर में के डीजी जनरेटर व ट्रेक्टर को आग के हवाले कर दिया है। शव दुर्घटना स्थल पर ही रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी क्रेशर की ट्रेक्टर से 2-3 मौतें हो चुकी हैं। इनके समर्थन में पूरा गांव उमड़ पड़ा है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स बुलाई गई है। वहीं आसपास थाना व चौकी की पुलिस टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है। समाचार लिखे जाने तक रोड जाम जारी था। तहसीलदार के.सी. जाटवर ने जांच, कार्रवाई का भरोसा दिलाया पर ग्रामीण अपनी जिद्द पर अड़े हुए है।

Share with