रिकॉर्ड में ओवरराइटिंग कर 0.433 को बनाया 0.753 हेक्टेयर भूमि

क्रेता को 20 लाख का चपत, मणिपुर पुलिस ने भू-स्वामी समेत पूर्व पटवारी पर दर्ज किया अपराध

अंबिकापुर। मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेण्ड्राकला में सरकारी राजस्व रिकॉर्ड में फर्जीवाड़ा कर जमीन धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। शासकीय दस्तावेजों में कूटरचना कर जमीन का रकबा बढ़ाकर बेचने के मामले में पुलिस ने भू-स्वामी पाण्डु, बुढ़िया और तत्कालीन पटवारी पन्ने लाल सोनवानी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का केस दर्ज किया है।मामला ब्रह्मरोड निवासी रमेश कुमार अग्रवाल की शिकायत पर सामने आया। रमेश ने ग्राम मेण्ड्राकला स्थित खसरा नंबर 922 की जमीन का सौदा किया था, जिसका रकबा 0.753 हेक्टेयर बताया गया था। पूरी राशि देकर रजिस्ट्री और नामांतरण कराने के बाद जब मौके पर सीमांकन कराया गया तो वास्तविक रकबा काफी कम निकला। इस फर्जीवाड़े में उन्हें करीब 20 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। शिकायत पर कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा ने जांच समिति गठित की। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि वर्ष 2005 से 2007 के दौरान पदस्थ हल्का पटवारी पन्ने लाल सोनवानी ने पाण्डु और बुढ़िया के नाम दर्ज मूल रकबे 0.433 हेक्टेयर पर ओवरराइटिंग कर उसे 0.753 हेक्टेयर दर्शा दिया था। इसी फर्जी आंकड़े के आधार पर जमीन का सौदा कर पीड़ित को धोखा दिया गया। जांच रिपोर्ट में शासकीय अभिलेखों में आपराधिक हेरफेर की पुष्टि होने के बाद मणिपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share with