Uncategorized

बांकी नदी पर 2.55 करोड़ रुपये के उच्चस्तरीय पुल का कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किया भूमिपूजन, बानापाती-धमनी के बीच 8 किमी घटेगी दूरी

राजेंद्र ठाकुर (राजू)ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आज रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बानापाती में बानापाती-धमनी मार्ग पर बांकी नदी पर बनने वाले उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का विधिवत भूमिपूजन किया। लंबे समय से प्रतीक्षित इस पुल के लिए 255.60 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि बांकी नदी पर पुल का सपना इस क्षेत्र के लोगों ने वर्षों से संजोया था और आज उसे साकार करने की दिशा में पहला कदम उठाया गया है। श्री नेताम ने कहा कि सड़क और पुल केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं होते, बल्कि गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाली जीवनरेखा होते हैं। बेहतर संपर्क सुविधा से व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे निर्माण कार्य की निगरानी में सहभागी बनें, क्योंकि यह पुल उनकी अपनी संपत्ति है।
लोक निर्माण विभाग, सेतु संभाग अंबिकापुर द्वारा बनाए जा रहे इस पुल की लंबाई 60 मीटर होगी, जिसमें 15-15 मीटर के चार स्पान होंगे। पुल के साथ कुल 280 मीटर पहुंच मार्ग का भी निर्माण किया जाएगा, जिसमें बानापाती की ओर 94 मीटर तथा धमनी की ओर 186 मीटर मार्ग शामिल है।
पुल के निर्माण से बानापाती और धमनी के बीच की दूरी लगभग 8 किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे क्षेत्र के 6 से 8 गांवों के लगभग 10 से 12 हजार ग्रामीण प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।

Share with