बिलासपुर। नगर निगम में सामान्य सभा की बैठक के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने संपदा शाखा में कार्रवाई करते हुए एक लिपिक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। आरोपी की पहचान लिपिक लक्ष्मीकांत कोका के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा राजकिशोर नगर निवासी एक व्यक्ति मकान के नवीनीकरण से संबंधित फाइल लेकर नगर निगम की संपदा शाखा पहुंचा था। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने के एवज में लिपिक ने 10 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद संबंधित व्यक्ति ने एसीबी के बिलासपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। शुक्रवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने निगम कार्यालय में लिपिक को रिश्वत की रकम दी, वहां मौजूद एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया। टीम ने रकम बरामद कर ली है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी की कार्रवाई के दौरान नगर निगम में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। टीम के पहुंचने के बाद कुछ समय के लिए निगम कार्यालय में गतिविधियां प्रभावित हुईं।
मामले में एसीबी द्वारा आरोपी लिपिक से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

