AK-47 से फायरिंग मामले में IPS अंकिता शर्मा को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब

राजनांदगांव। दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन के दौरान AK-47 से फायरिंग करने के मामले में राजनांदगांव की एसपी एवं आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वायरल वीडियो को लेकर उठे विवाद के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए उन्हें नोटिस जारी किया है। पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा नियमों की कथित अनदेखी और पुलिस की गरिमा पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने बताया कि शस्त्र पूजन के दौरान की गई हर्ष फायरिंग और सोशल मीडिया पर हुई नकारात्मक टिप्पणियों को पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है। एसपी का जवाब आईजी के माध्यम से भेजा जाना है।

इस मामले में भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए थे। उन्होंने वायरल वीडियो में हथियार संभालने के तरीके को असुरक्षित बताते हुए कहा था कि लोडेड हथियार को अलग-अलग दिशाओं में घुमाना और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा को जोखिम में डालना गंभीर चिंता का विषय है।

इससे पहले आईजी अजय यादव ने शस्त्र पूजन के बाद ब्लैंक फायरिंग को पुलिस की पुरानी परंपरा बताया था। हालांकि, अब पुलिस मुख्यालय की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। फिलहाल सबकी निगाहें एसपी अंकिता शर्मा के जवाब और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share with