बिलासपुर मंडल सबसे ज्यादा राजस्व देने के बाद भी पंक्चुअलिटी में फिसड्डी

अंबिकापुर स्टेशन में रेल जन संवाद, ट्रेन लेटलतीफी व रेणुकूट तक रेल विस्तार का उठा मुद्दा

अंबिकापुर। रेलवे के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत गुरुवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, सतत विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देना था।बिलासपुर मुख्यालय से आए रेलवे के डिप्टी सीपीओ आर. शंकर और एपीओ लोकेश गौतम की मौजूदगी में यात्रियों से स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सीधा संवाद किया गया और उनके सुझाव व फीडबैक लिए गए। संवाद के दौरान यात्रियों ने सबसे बड़ा मुद्दा ट्रेनों की लेटलतीफी का उठाया। इसके साथ ही अंबिकापुर से रेणुकूट तक रेल लाइन विस्तार, अंबिकापुर-रायपुर इंटरसिटी ट्रेन की मांग, स्टेशन परिसर में अतिरिक्त एप्रोच रोड और पार्किंग व्यवस्था में सुधार की मांग प्रमुखता से रखी।

इंफ्रास्ट्रक्चर के काम जल्द होंगे पूरे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोनल रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) के सदस्य मुकेश तिवारी ने कहा कि स्टेशन में वाशिंग पिट, एडिशनल प्लेटफॉर्म और फुट ओवर ब्रिज का काम इसी वित्तीय वर्ष के अंत तक पूरा होने के बाद यात्रियों को महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलने लगेंगी। डिजिटल कोच डिस्प्ले बोर्ड का स्वीकृत कार्य भी जल्द शुरू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी ट्रेनों का विलंब से चलना है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 24,200 करोड़ रुपये का सर्वाधिक वार्षिक राजस्व देने वाला बिलासपुर मंडल कोचिंग ट्रेनों की पंक्चुअलिटी के मामले में अंतिम पायदान पर है। इससे यात्रियों की आगे की योजनाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने अंबिकापुर से सूरजपुर रोड तक लाइन दोहरीकरण, अतिरिक्त एप्रोच रोड निर्माण और पार्किंग शुल्क को सार्वजनिक स्थल पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने की मांग रखी।

जनप्रतिनिधियों/सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रखे सुझाव

भाजपा नेता कैलाश मिश्रा ने अंबिकापुर-रायपुर के बीच इंटरसिटी ट्रेन को अति आवश्यक बताते हुए रेल प्रशासन से प्रभावी पहल करने को कहा। उन्होंने स्टेशन के भीतरी हिस्से में भी प्लांटर व्यवस्थित कर सौंदर्यीकरण को और आकर्षक बनाने का सुझाव दिया। सामाजिक कार्यकर्ता मंगल पांडे ने कहा कि अंबिकापुर-रेणुकूट लाइन के माध्यम से वाराणसी तक कनेक्टिविटी बढ़ाना सरगुजा के विकास के लिए जरूरी है। ट्रेड यूनियन नेता सुजान बिंद ने भटगांव से रेणुकूट और परसा केते से कटघोरा तक रेल लाइन निर्माण को सरगुजा के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

रेलवे बोला-जमीनी सुझावों पर होगी कार्रवाई

रेलवे के डिप्टी सीपीओ आर. शंकर ने कहा कि इस पहल से जमीनी स्तर पर यात्रियों की जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी और प्राप्त सुझावों के आधार पर समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इंजीनियर मनोज गुप्ता ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान एपीओ लोकेश गौतम, मुख्य स्टेशन प्रबंधक उमेश कुमार सिंह और कामर्शियल इंस्पेक्टर टी.आर. लहरे ने भी अपनी बातों को उपस्थित लोगों के समक्ष रखा। संवाद के बाद जनभागीदारी से स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

Share with