कोरबा के ‘गिरी गैंग’ ने दिया था मंदिर में चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम

महिला ने 95 हजार का हार गायब होने की दर्ज कराई थी रिपोर्ट, 04 आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। नवरात्रि के समय हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश या है। इस मामले में पुलिस ने कोरबा जिले के एक ही परिवार के 4 लोगों के गिरोह को पकड़ा है। ये लोग त्योहारों के मौके पर मंदिरों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन खींचकर फरार हो जाते थे।

जानकारी के मुताबिक, केदारपुर निवासी ओमप्रकाश जायसवाल अपनी पत्नी के साथ नवरात्रि के मौके पर बीते 18 अक्टूबर को अंबिकापुर के एक मंदिर में दर्शन करने गए थे। मंदिर में भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनकी पत्नी के गले से करीब 95,000 रुपये कीमत का सोने का चेन खींच लिया। जब तक उन्हें पता चलता, स्नेचर भीड़ में गायब हो चुका था। उन्होंने तुरंत थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मंदिर के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले, लेकिन भीड़ के कारण आरोपी स्पष्ट नजर नहीं आए।

चोरी का माल बेचने निकले तो पकड़े गए

पुलिस चेन स्नेचिंग के इस मामले में लगातार आरोपियों का पतासाजी कर रही थी। इसी बीच 4 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि, 4 संदिग्ध युवक शहर में सोने का टुकड़ा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर कोतवाली और मणीपुर की संयुक्त टीम ने तुरंत घेराबंदी की और 4 लोगों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से सोने के आभूषण के टुकड़े मिले। कड़ाई से पूछताछ करने पर चारों टूट गए और बताया कि 18 अक्टूबर को मंदिर में उन्होंने ही चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। बाद में चेन को तोड़कर टुकड़ों में बेचने की योजना थी।

इन आरोपियों को गिरफ्तार की पुलिस

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपी रिश्तेदार हैं और पेशेवर चोर हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में संतोष गिरी (28) व पिंकू गिरी (25) दोनों सगे भाई, पिता राजकुमार गिरी, अमर गिरी (19) पिता संतोष गिरी, रामकुमार गिरी (32) पिता उदल गिरी सभी निवासी कौनकोना, ठिहाईपारा, थाना बांगो, जिला कोरबा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गई सोने की चेन के टुकड़े जब्त किए हैं। चारों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब पता लगा रही है कि इस गैंग ने अंबिकापुर और कोरबा में और कितनी वारदातें की हैं।

स्नेचर तक पहुंचने में इनकी अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना से निरीक्षक अच्युतचंद तिवारी, मणीपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सीपी तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक अनिल पांडेय, प्रधान आरक्षक नीरज पांडेय, रजनीकांत मिश्रा, आरक्षक उमाशंकर साहू, अतुल सिंह, मनीष सिंह, रामाशंकर यादव, अनिल परिहार, शिव राजवाड़े, सैनिक दिनेश यादव सक्रिय रहे।

Share with