सेल्स मैनेजर ने थ्री व्हीलर के अधिकृत डीलर को लगाई 3 लाख की चपत

ग्राहकों से बुकिंग के नाम पर नकद और खुद के खाते में रकम प्राप्त किया

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के अजिरमा, मनेन्द्रगढ़ रोड में स्थित महिंद्रा थ्री व्हीलर की अधिकृत डीलरशिप, स्टार ऑटोमोबाइल्स में पदस्थ सेल्स मैनेजर ने कंपनी के नियमों को ताक पर रखकर तीन ग्राहकों से वाहन बुकिंग के नाम पर करीब 3 लाख रुपये कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय अपने निजी खाते में डलवा लिए। ग्राहकों को न तो गाड़ी मिली और न ही पैसा वापस हुआ। मामला सामने आने पर डीलरशिप मैनेजर ने गांधीनगर थाने में इसकी लिखित जानकारी दी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।स्टार ऑटोमोबाइल्स के मैनेजर गुलशेर अहमद ने थाना प्रभारी गांधीनगर को दिए आवेदन में बताया है कि सतीश कुमार पिता बुधेलाल, निवासी ग्राम रामपुर, कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसने कंपनी की प्रक्रिया का उल्लंघन करते हुए मटरू साय बेक पिता जगदीश, निवासी ग्राम खुखरी बधिमा, जिला बलरामपुर से वाहन बुकिंग के नाम पर एक लाख रुपये ऑनलाइन अपने निजी खाते में ट्रांसफर करा लिया। वहीं मीना एक्का पति भूषण मुण्डा, निवासी संत गहिरा गुरुवार्ड बिलासपुर चैक, लक्ष्मीपुर अंबिकापुर से 1 लाख 45 हजार रुपये नकद लेकर भरोसा दिलाने के लिए ग्राहक के नाम से सहमति पत्र बनाया और बतौर सिक्योरिटी 1 लाख 50 हजार रुपये का चेक थमा दिया। यह रकम भी कंपनी में जमा नहीं की। इसी प्रकार अयोध्या प्रसाद पिता जय कुमार, निवासी वार्ड नंबर 1 कुम्हारपारा, कटोरा बैकुंठपुर, कोरिया से 55,000 रुपये 25 हजार रुपये नकद और 30 हजार रुपये ऑनलाइन लिए, जिसकी ऑनलाइन रसीद भी है। इस प्रकार आरोपित ने लगभग 3 लाख रुपये की हेराफेरी की। मैनेजर ने तीनों ग्राहकों के साथ किए गए फर्जीवाड़ा से संबंधित कागजात पुलिस को उपलब्ध कराया है। गांधीनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share with