कॉलेज के छात्र से मारपीट, बीच-बचाव करने वालों पर भी हमला

माता राजमोहनी भवन के सामने की घटना, 3 के विरूद्ध केस दर्ज

अंबिकापुर। शहर के मनेन्द्रगढ़ रोड में पीजी कॉलेज के पास आदिवासी छात्र और बीच-बचाव करने आए उसके दो साथियों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने 3 लोगों के विरूद्ध अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम व बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना अंतर्गत ग्राम सिलफिली निवासी संदीप मरकाम (20) पीजी कॉलेज अंबिकापुर में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ता है। संदीप ने पुलिस को बताया है कि वह 3 नवंबर को सुबह 8 बजे बस से कॉलेज पढ़ने आया था। दोपहर करीब 2 बजे पढ़ाई खत्म करके वह राजमोहनी देवी भवन की ओर से घर जाने निकला था, यहां रास्ते में भीड़ लगी थी। भीड़ में मौजूद चीनू खान से उसने कहा भैया मुझे आगे जाना है, आप लोग रोड में भीड़ क्यों लगाए हो। आरोप है कि इतना सुनते ही चीनू खान भड़क गया। उसने छात्र का नाम-पता पूछा और जातिगत गली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी बीच वहां चीनू के साथी आ गए। चीनू ने इनसे कहा ये लड़का ज्यादा नेता बन रहा है, और तीनों मिलकर उसके साथ मारपीट करने लगे।

शोर सुनकर पीजी कॉलेज का सीनियर छात्र आकाश कश्यप वहां पहुंचे और कॉलेज के लड़के को मारने का कारण पूछे तो आरोपियों ने आकाश को भी पीट दिया। दूसरा छात्र सतेन्द्र मिश्रा बीच-बचाव करने लगा तो उसकी भी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और डंडे से पिटाई कर दी। गांधीनगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चीनू खान सहित तीन के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट व बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5), 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

Share with