‘कबरा कान वाले हाथी’ का कहर जारी, 04 दिनों में लिया 04 की जान, 02 घायल

श्यामपुर में घर के सामने से ले गया महिला को, झिरमिटी में बाड़ी के पास बैठी महिला को कुचला

सूरजपुर/उदयपुर। सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले में इन दिनों एक अकेले हाथी ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि लोग शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं। स्थानीय लोग इसे ‘कबरा कान वाला हाथीÓ कहते हैं, वही हाथी अब जिले में मौत का पर्याय बन चुका है। सूरजपुर जिले से अब यह सरगुजा सरहद के उदयपुर इलाके में पहुंचकर गुरूवार को एक वृद्ध महिला को कुचल दिया, वहीं एक महिला का पैर टूट गया है। एक अन्य के घायल होने की खबर है। हाथी की मौजूदगी और बच्चों के सुरक्षा को देखते हुए उदयपुर के हाथी प्रभावित क्षेत्र के स्कूलों के बच्चों की शिक्षा विभाग ने छुट्टी कर दी है। वन विभाग ड्रोन की मदद से हाथी की निगरानी में लगा है। बताया जा रहा है हाथी कर्मकट्टरा जंगल में प्रवेश कर गया है, जिससे जजगी, मोहनपुर, उपका, फुनगी, लक्ष्मणगढ़, महेशपुर, मानपुर, जगरनाथपुर ग्रामीण दहशत में हैं। बता दें कि, बुधवार की रात इस खूनी हाथी ने एक महिला की जान लेने के बाद गुरूवार को उदयपुर वन परिक्षेत्र के झिरमिटी की 70 वर्षीय महिला चेंगटी को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। वृद्ध महिला घर के पास बाड़ी में बैठी थी। चलने में असमर्थ होने के कारण उसे भागने का मौका नहीं मिूल पाया। इधर देर शाम ग्राम झिरमिटी में ही खेत में धान काट रही महिला वर्षा ठाकुर 45 वर्ष पर हाथी ने हमला कर दिया, जिसमें उसका पैर टूट गया। इसे उदयपुर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। बीते 10 दिनों में यह सातवीं मौत है, जिसे इसी हाथी ने अंजाम दिया है। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले 6 महीनों में 18 लोगों को यह हाथी अपने पैरों तले रौंद चुका है। वन विभाग के तमाम दावों के बीच हाथी बेलगाम घूम रहा है और हर रात किसी नए गांव में खूनी तांडव कर रहा है। वन अधिकारियों के अनुसार कबरा कान वाला हाथी अपने झुंड से बिछड़ा हुआ अकेला नर हाथी है। इसके कान के पास सफेद-कबरे धब्बे हैं, इसलिए इसे ‘कबरा कान वाला हाथी’ नाम दिया गया है। अकेले होने के कारण यह ज्यादा आक्रामक और चिड़चिड़ा हो गया है। यह हाथी रात में गांवों में घुसता है, घरों को तोड़ता है, अनाज खाता है और सामने आने वाले को कुचल देता है।

पक्के घर में जा रही दिलासो को पकड़ा

रामानुजनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम श्यामपुर के ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की रात करीब 10 बजे कबरा कान वाला हाथी ग्राम कुमेली से सुरता के रास्ते खेतों में प्रवेश किया। सैकड़ों एकड़ में खड़ी धान की फसल को रौंदते-खाते हुए वह धीरे-धीरे श्यामपुर की ओर बढ़ा। गांव में हाथी के आने की सूचना फैलते ही दहशत फैल गई। 45 वर्षीय दिलासो बाई अपने पति और बच्चों के साथ उसी घर में थी, जिसमें दरवाजा नहीं लगा था। सुरक्षा के लिहाज से परिवार ने फैसला किया कि सामने स्थित अपने दूसरे पक्के घर में चले जाते हैं। परिवार सामान लेकर दूसरे घर की ओर जा ही रही थी कि रात करीब 11 बजे पीछे से कबरा कान वाला हाथी आ धमका। हाथी ने घर के पीछे से निकलकर सीधे दिलासो बाई को सूंड से पकड़ लिया।

मौत के बाद 25 हजार देने की खानापूर्ति

बताया जा रहा है कि, महिला को करीब 50 मीटर तक घर के सामने से घसीटते हुए हाथी उमेश्वरपुर-रामानुजनगर मुख्य मार्ग तक ले गया और वहां पटक कर पैरों से कुचल दिया। जब तक ग्रामीण टॉर्च जलाकर और शोर मचाकर हाथी को भगा पाते, तब तक दिलासो बाई की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिवार का आरोप है कि अगर गांव में पहले से मुनादी या वन विभाग की टीम होती तो जान बच सकती थी। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना पर वन अमला और पुलिस मौके पर पहुंचा। महिला के शव का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। वन विभाग ने तात्कालिक सहायता के रूप में मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपये नकद दिए हैं, हालांकि ग्रामीणों ने इसे ऊंट के मुंह में जीरा बताया।

कागजी निगरानी और शिफ्टिंग का खेल

बीते 10 दिनों में इसने कुमेली, सुरता, श्यामपुर, उमेश्वरपुर समेत कई गांवों में 6 लोगों को मारा है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग सिर्फ कागजों में निगरानी कर रहा है। हाथी को खदेड़ने के नाम पर पटाखे फोड़ कर एक गांव से दूसरे गांव में भेज दिया जाता है, जिससे खतरा टलता नहीं बल्कि शिफ्ट हो जाता है। खबर लिखे जाने तक वन अमले ने हाथी को उदयपुर के समीप रामगढ़ के जंगलों की तरफ खदेड़ा है, लेकिन ग्रामीणों को डर है कि वह रात होते ही फिर किसी गांव में लौट आएगा।

क्या कर रहा है वन विभाग?

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथी की लगातार ट्रैकिंग की जा रही है। कुमकी हाथियों की मदद से इसे पकड़ने या जंगल की गहराई में धकेलने की योजना पर विचार हो रहा है। लेकिन ग्रामीण पूछ रहे हैं कि जब 16 मौतें हो चुकी हैं, तब तक विभाग किस इंतजार में है? क्या किसी बड़े अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद ही इसे ट्रैंकुलाइज किया जाएगा?

टाइगर रिजर्व में हाथी के शावक की लाश मिलने से हड़कंप, जुड़वानिया लालमाटी के जंगल में मिला शव, 3 दिन तक नहीं लगी भनक

एक तरफ कबरा कान वाला हाथी लोगों को मार रहा है, दूसरी तरफ सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में हाथियों की सुरक्षा पर ही सवाल खड़े हो गए हैं। गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के अंतर्गत मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के किनारे स्थित जुड़वानिया लालमाटी जंगल में हाथी के एक शावक का शव मिला है। मृत शावक की उम्र लगभग 2 से 3 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और वन कर्मियों के अनुसार शव 2-3 दिन पुराना है और उससे बदबू आ रही थी।

बता दें कि, चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में एक तरफ टाइगर रिजर्व का जंगल है तो दूसरी तरफ सामान्य वन विभाग बिहारपुर का क्षेत्र लगता है। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों विभागों में आपसी तालमेल नहीं है। हाथी जब रिजर्व से बाहर निकल कर रिहायशी इलाके में आते हैं तो कोई विभाग जिम्मेदारी नहीं लेता। फिलहाल वन विभाग ने शावक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों की निगरानी के लिए ड्रोन, सैटेलाइट कॉलर और गांव-गांव में अलार्म सिस्टम लगाया जाए, ताकि कबरा कान जैसे हाथियों से लोगों की जान बचाई जा सके।

प्रभारी रेंजर अक्सर रहते हैं नदारद

ग्रामीणों का आरोप है कि परिक्षेत्र महुली के प्रभारी रेंजर अक्सर क्षेत्र से नदारद रहते हैं। हाथियों की आवाजाही की सूचना ग्रामीणों को व्हाट्सएप ग्रुप में देर से मिलती है, तब तक हाथी गांव में घुस चुका होता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि टाइगर रिजर्व जैसे संरक्षित क्षेत्र में, जहां रोज गश्त का दावा किया जाता है, वहां 3 दिन तक हाथी के बच्चे का शव पड़ा रहा और किसी को पता नहीं चला।

मौत के कारणों को लेकर सस्पेंस बरकरार

वन विभाग ने अभी तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं किया है। कई आशंकाएं जताई जा रही हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या शावक अपने झुंड से बिछड़ गया था और भूख-प्यास से मर गया? क्या किसी बीमारी या आंतरिक चोट से उसकी मौत हुई? क्या किसी अन्य जंगली जानवर ने हमला किया? क्या मानव-हाथी संघर्ष में किसी ने उसे नुकसान पहुंचाया?

पीसीसीएफ ने ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने दी अनुमति

उदयपुर नगर के पास डेरा जमाए कबरा कान हाथी पर अब वन विभाग सख्त हो गया है। लगातार जनहानि, जनघायल, फसल और मकान क्षति की घटनाओं को देखते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) छत्तीसगढ़ ने इस लोनर नर हाथी को ट्रेंकुलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दे दी है। इस संबंध में 11 नवम्बर को नवा रायपुर से जारी आदेश में मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) प्रोजेक्ट एलीफेंट सरगुजा के पत्र क्रमांक 1804, दिनांक 08.10.2026 और 2067 दिनांक 04.11.2026 का हवाला दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि, वन परिक्षेत्र प्रतापपुर, घुई, सूरजपुर, राजपुर, अंबिकापुर एवं तमोर पिंगला तक के वनक्षेत्रों में विचरणरत लोनर नर हाथी जिसे स्थानीय स्तर पर ‘कबरा कान’ के नाम से जाना जाता है, के कारण मानव-हाथी संघर्ष की गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई है। मानव-हाथी द्वंद्व की स्थिति भी बनी हुई है। सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा वनमंडल में इस हाथी के हमले से कई घटनाएं घटित हुई हैं। इसे देखते हुए मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) प्रोजेक्ट एलीफेंट सरगुजा ने उक्त हाथी का मूवमेंट पैटर्न, दैनिक गतिविधि की जानकारी लेकर वैज्ञानिक प्रबंधन और जान-माल की हानि रोकने के लिए हाथी को ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने का अनुरोध किया था। प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने कहा है कि हाथी वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 का वन्यप्राणी है। मानव जीवन की सुरक्षा, हाथी की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए लोकहित में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा-11 (1) (क) के तहत दो विशेषज्ञों की राय में लाए गए उक्त लोनर हाथी को ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति प्रदान की गई है।

डीएफओ सूरजपुर एवं बलरामपुर नोडल अधिकारी

इस कार्य के लिए वनमंडलाधिकारी सूरजपुर एवं बलरामपुर को संयुक्त रूप से प्राधिकृत/नोडल अधिकारी बनाया गया है। संपूर्ण कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक, सरगुजा वृत्त के मार्गदर्शन और मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) प्रोजेक्ट एलीफेंट के पर्यवेक्षण में होगी। नोडल अधिकारी हाथी की पहचान, लोकेशन की पुष्टि, विशेषज्ञ दल से समन्वय, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, जनसुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय प्रशासन से समन्वय के लिए जिम्मेदार होंगे। कार्यवाही के बाद नियमित मॉनिटरिंग और हर 15 दिन में इस कार्यालय को रिपोर्ट भेजनी होगी।

कुमकी हाथियों की भी मदद ली जाएगी

आदेश में कहा गया है कि रेडियो कॉलरिंग में आवश्यकतानुसार कुमकी हाथियों का भी सहयोग लिया जाए। संपूर्ण कार्रवाई भारत सरकार के प्रोजेक्ट एलीफेंट और भारतीय वन्यजीव संस्थान द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं एसओपी के अनुरूप होगी। इसके लिए विशेषज्ञ पशु चिकित्सा अधिकारियों का सहयोग लिया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद स्वस्थ पाए जाने पर उक्त हाथी को उसके नैसर्गिक वन क्षेत्र में ही छोड़ दिया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कॉलर लगाए जाने वाले वन्यप्राणी को न्यूनतम आघात हो और अन्य लोग भी सुरक्षित रहें।

Share with