अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में गूंजी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की महक: ‘नाचा’ के नेतृत्व में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

रायपुर।छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गूंज इस वर्ष सात समंदर पार अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक सुनाई दी। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस 2026’ में नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) ने भारतीय दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। इस पहल का उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष को सम्मान देना है। इसी कड़ी में 1 से 15 नवंबर तक चले ‘जनजातीय गौरव पखवाड़े’ के तहत विदेशों में भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर यह आयोजन किए गए।

अमेरिका विभिन्न राज्यों के संगठनों ने की शिरकत

शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा नेशनल इंडिया हब में आयोजित समारोह में विभिन्न राज्यों के सामुदायिक संगठनों ने एकजुट होकर भारत की जनजातीय विरासत का उत्सव मनाया। भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदायों के योगदान को रेखांकित किया।

इस आयोजन के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी नाचा के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर (मूल रूप से बस्तर निवासी) को सौंपी गई थी, जिन्होंने छत्तीसगढ़ सहित ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के संगठनों को एक मंच पर लाकर सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सामूहिक श्रद्धांजलि दी।

नाचा के शिकागो चैप्टर अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला। महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदान किए गए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए सम्मानित किया। वे यह सम्मान पाने वाली पहली महिला हैं।

पंकज अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ भव्य आयोजन कनाडा के टोरंटो में

भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा नाचा और अन्य सहयोगी संगठनों के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने दीप प्रज्वलित कर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की। बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के मूल निवासी और नाचा कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष एवं वैश्विक प्रवासी समुदाय के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने इस आयोजन में महत्वपूर्ण नेतृत्व किया। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

नेहरू सेंटर में बिखरी लोकसंस्कृति की छटा

ब्रिटेन की राजधानी लंदन के प्रतिष्ठित नेहरू सेंटर में आयोजित ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ कार्यक्रम में नाचा यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश के राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में हुए इस आयोजन में नाचा यूके से अरविंद साहू, पियाली व अन्य सदस्यों ने भारतीय उच्चायोग के सहयोग से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर मजबूती से रखा।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और गौरव दिवस का संगम टेक्सास के ह्यूस्टन में भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की भावना को एक साथ मनाया गया। नाचा के कार्यकारी प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का संदेश साझा किया।

दुनिया भर में छत्तीसगढ़ के नायकों की गाथा पहुँचाना ‘नाचा’ का संकल्प: दीपाली सरावगी नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने कहा कि यह सभी छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व का विषय है कि प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि विदेशों में भारत की जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल प्राकृतिक संपदा से नहीं, बल्कि बस्तर से सरगुजा तक फैली समृद्ध जनजातीय परंपराओं से है। उन्होंने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन के सभी पदाधिकारियों, राजनयिक मिशनों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

Share with