विद्युत वितरण कंपनी के दो केंद्रों में 4.30 करोड़ रुपये का गबन, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार

कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के दो विद्युत वितरण केंद्रों में चार करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन के मामले में कबीरधाम पुलिस ने आरोपी कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ था। इस दौरान कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कर उसका गबन किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंडरिया निवासी सुनील कुमार गुप्ता (37), जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के पिपरिया उपसंभाग में सहायक अभियंता के पद पर पदस्थ हैं, ने थाना पिपरिया में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कंपनी में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ कर्मचारी मनोज साहू की रवेली विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थापना के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कुल तीन करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये की राशि बैंक खाते में जमा नहीं की गई। जांच में इस राशि के वित्तीय गबन का मामला सामने आया।

शिकायत पर थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 127/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 421, 467, 468, 471, 477 और 409 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान मरका विद्युत वितरण केंद्र के सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसमें बताया गया कि आरोपी मनोज साहू ने मरका विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थापना और प्रभार के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कंपनी की एक करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की राशि कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं की। इस तरह दोनों विद्युत वितरण केंद्रों से कुल चार करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के गबन का मामला सामने आया।

बैंक खाते में राशि जमा किए बिना किया गबन

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जांच और कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल और अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के नेतृत्व में थाना पिपरिया पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गबन से संबंधित कृत्य स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन तिवारी और थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share with