नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने वाला 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में नौकरी दिलाने का लालच देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने, नशीला पदार्थ देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पीड़िता ने डोंगरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी भरत भूषण मेश्राम ने उसे नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया था। इसी झांसे में लेकर आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और नशीला पदार्थ देकर उसका यौन शोषण किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे, जिनके आधार पर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।

आरोपी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के साथ-साथ उसके साथ मारपीट और जान से मारने की भी धमकी देता था।शिकायत की गंभीरता को देखते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 609/2026 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m), 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया।

एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्यों की जांच की। पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने आरोपी भरत भूषण मेश्राम को हिरासत में लिया और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

Share with