अमरपाल मौर्य का सीधा प्रहार: 70 साल तक ओबीसी को दरकिनार करने वाली कांग्रेस पर भाजपा का पलटवार

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने कहा है कि भाजपा ने ओबीसी समाज को केवल बातों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सत्ता में भागीदारी देकर उसे सम्मान और नेतृत्व का अवसर दिया है। वहीं, कांग्रेस की राजनीति लंबे समय तक एक परिवार तक सीमित रही और ओबीसी समाज के उत्थान के लिए ठोस प्रयास नहीं किए गए।

गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में मौर्य ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने मंडल स्तर तक संगठनात्मक संरचना पूरी कर ली है। अब संगठन को जिला, मंडल और बूथ स्तर पर और मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मोर्चा प्रभावी भूमिका निभा सके।

उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों के साथ समन्वय और संवाद स्थापित करना भी है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना मोर्चा की प्राथमिकता है।

मौर्य ने कांग्रेस पर ओबीसी समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन पिछड़े वर्ग के सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव आया है और जिन वर्गों को पहले पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलता था, उन्हें मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में पहली बार 27 ओबीसी मंत्रियों को शामिल किया गया। वहीं, छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में 14 में से 7 मंत्री ओबीसी समाज से हैं। यह भाजपा की राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक प्रतिनिधित्व की नीति को दर्शाता है। मौर्य ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में ओबीसी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए शिक्षा, रोजगार, स्वाभिमान और राजनीतिक हिस्सेदारी के माध्यम से समाज के उन वर्गों को मुख्यधारा से जोडऩा जरूरी है, जो अब तक पीछे रह गए हैं।

जातिगत जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने ओबीसी समाज की गिनती के लिए ठोस पहल नहीं की। अब जब जनगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, तब भी कांग्रेस कमियां निकालने में लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आलोचना की राजनीति छोड़कर समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।मौर्य ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछड़ा वर्ग मोर्चा पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करेगा, समाज के हर वर्ग से संवाद स्थापित करेगा और भाजपा की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएगा।

Share with