पीएम स्वनिधि में छत्तीसगढ़ को 5 राष्ट्रीय सम्मान, फास्टेस्ट मूवर्स में नंबर-1

रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। नई दिल्ली में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवाड्र्स-2026 में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।

शुक्रवार को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित रहे।

डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में बड़े बचेली नगर पालिका परिषद ने एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया। इसी श्रेणी में दंतेवाड़ा नगर पालिका परिषद को दूसरा स्थान मिला। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों में बिलासपुर नगर निगम ने दूसरा स्थान हासिल किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश को मिली इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नगरीय निकायों के प्रयासों को दर्शाती है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य को दो राष्ट्रीय पुरस्कार और तीन नगरीय निकायों को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं की आजीविका मजबूत करने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करेगा।

पुरस्कार समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर, राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरी सहित संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण सुविधा से जोडऩे, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और छोटे कारोबारियों की आजीविका मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

Share with