Uncategorized

बारिश, भंडारण और सीमा, तीनों मोर्चों पर मुस्तैद प्रशासन: धान को भीगने से बचाने के पुख्ता इंतजाम, 24 चेकपोस्ट पर रात में भी पहरा

बलरामपुर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच जिला प्रशासन तीन मोर्चों पर एक साथ काम कर रहा है। पहला, बारिश से उपार्जित धान को सुरक्षित रखना। दूसरा, धान भण्डारण के लिए प्रबंधन। तीसरा, सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान की आवक रोकना। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर यह काम तय कार्ययोजना के तहत हो रहा है। राजस्व अमला, खाद्य और संबद्ध विभाग इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
बारिश की आशंका को देखते हुए जिले के सभी 54 उपार्जन केंद्रों में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। धंधापुर, बरतीकला और रामचन्द्रपुर सहित अन्य केंद्रों में यह व्यवस्था संबंधित अधिकारी सुनिश्चित कर रहे हैं। तेज हवा में कवर न उड़ें, इसलिए धान के सभी स्टैक रस्सियों से मजबूती से बाँधे जा रहे हैं। जमीन की नमी और बहते पानी से बचाव के लिए पर्याप्त डनेज रखने और फड़ के चारों ओर नालियों की सफाई कर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कहीं जलभराव न हो। कलेक्टर के निर्देश पर सभी केंद्र प्रभारी और समिति कर्मचारी 20 से 22 नवम्बर तक मुख्यालय में रहकर लगातार निगरानी रखेंगे। धान की स्टैकिंग और भौतिक सत्यापन के लिए भी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
धान उपार्जन केंद्र के अलावा भी समीपस्थ स्थानों की चिन्हांकन कर धान भंडारण प्रबंधन को भी मजबूत किया जा रहा है। उपार्जन केंद्रों के पास अतिरिक्त भंडारण स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व अमला और खरीदी केंद्र प्रभारी मिलकर यह काम लगातार कर रहे हैं। सामरी और डीपाडीहकला में धान भंडारण के लिए अतिरिक्त भूमि चिन्हित की जा चुकी है। अन्य केंद्रों में भी धान भण्डारण प्रबंधन को मजबूत करने के लिए उपार्जन केंद्र के  पास के क्षेत्रों में वैकल्पिक स्थलों का चयन किया जा रहा है।
अन्य राज्यों से धान की अवैध आवक रोकने के लिए जिले में 24 चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहाँ तैनात अधिकारी रात्रि गश्त कर रहे हैं। सभी एसडीएम भी रात में चेकपोस्ट पर पहुँचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। रामानुजगंज विकासखंड में चुनापाधर, महादेवपुर, त्रिशुली (भेडरू बुटर), त्रिशुली (हल्दी मोड़), बालचउरा, हुरुपायर, अनिरुधपुर, रामानुजगंज, चंद्रनगर और नगरा बाबा में चेकपोस्ट हैं। वाड्रफनगर विकासखंड में मुरकील, चपोता, केसाटी, गिरवानी और धनवार, कुसमी विकासखंड में कौरखा, पुदांग, अमटाही और करचा, तथा शंकरगढ़ विकासखंड में पौड़ीखुर्द, बादा और भुवनेश्वरपुर इत्यादि में चेकपोस्ट बनाए गए हैं।

Share with