छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था की असली ताकत हैं मितानिनें: रंजना साहू

मितानिनों के त्याग और सेवा को रंजना साहू ने किया नमन

मितानिन दिवस पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने मितानिनों को दी बधाई

धमतरी। छत्तीसगढ़ में आज 23 नवंबर को मनाए जा रहे मितानिन दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक रंजना साहू ने प्रदेश की सभी मितानिन बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

श्रीमती साहू ने अपने संदेश में कहा कि, मितानिन सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और ममता का दूसरा नाम है। गांव-गांव में, घर-घर जाकर माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता करने वाली हमारी मितानिन बहनों के कारण ही छत्तीसगढ़ आज स्वस्थ छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कोरोना जैसे कठिन समय में भी मितानिन बहनों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गांव की रक्षा की। गर्भवती माताओं की देखभाल हो, बच्चों का टीकाकरण हो, या स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना हो, हर मोर्चे पर मितानिन बहनें सबसे आगे खड़ी रही हैं।

श्रीमती साहू ने कहा, प्रदेश सरकार मितानिन बहनों के सम्मान और उनके हितों के लिए लगातार काम कर रही है। हमारा संकल्प है कि मितानिन बहनों को उनका पूरा सम्मान, सुरक्षा और अधिकार मिले। अंत में उन्होंने कहा कि, मैं प्रदेश की सभी मितानिन बहनों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं। आप सबका आशीर्वाद और सेवा इसी तरह छत्तीसगढ़ को मिलता रहे।

Share with