सूरजपुर में टायर फटने से पेड़ से टकराई यात्री बस, 12 घायल; चार की हालत गंभीर

सूरजपुर। बिहार के सासाराम से अंबिकापुर आ रही एक यात्री बस सोमवार को सूरजपुर जिले में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, यात्री बस प्रतापपुर क्षेत्र के शिवपुर मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है,

जबकि शेष घायलों का उपचार प्रतापपुर अस्पताल में जारी है। सूचना मिलने पर प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में टायर फटना ही हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

Share with