वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कालीचरण यादव का निधन, लोकसंस्कृति को दी थी नई दिशा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ साहित्यकार एवं लोकसंस्कृति के मर्मज्ञ डॉ. कालीचरण यादव का सोमवार को निधन हो गया। उनके निधन से प्रदेश के साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोककला जगत में शोक की लहर है।

राउत नाच महोत्सव को बनाया बिलासपुर की पहचान

बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक राउत नाच महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में डॉ. कालीचरण यादव की निर्णायक भूमिका रही। वे केवल इस आयोजन के प्रमुख संयोजकों में ही शामिल नहीं थे, बल्कि उन्होंने राउत नाच को एक सामुदायिक नृत्य के दायरे से निकालकर बिलासपुर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के रूप में स्थापित किया।उन्होंने महोत्सव के माध्यम से इस लोकपरंपरा में अनुशासन, संयम और सामाजिक सद्भाव की भावना को निरंतर मजबूत किया।

‘मड़ई’ के संपादक और सम्मानित लेखक

लोकसंस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ डॉ. यादव साहित्यिक और पत्रकारिता गतिविधियों में भी सक्रिय रहे। वे लोकसंस्कृति पर केंद्रित प्रतिष्ठित पत्रिका ‘मड़ई’ के संपादक थे। लेखन और संपादन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2022 में छत्तीसगढ़ प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन की ओर से उन्हें ‘भगवान सिंह ठाकुर स्मृति समाजशास्त्रीय लेखन सम्मान (2021)’ से अलंकृत किया गया था।

सांस्कृतिक जगत को अपूरणीय क्षति

डॉ. कालीचरण यादव के निधन को प्रदेश की लोकसंस्कृति और साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। विभिन्न साहित्यकारों, कलाकारों और संस्कृतिप्रेमियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लोकपरंपराओं के संवर्धन के लिए किए गए उनके कार्यों को याद किया।

Share with