महादेव सट्टा केस में आधी रात को फैसला: वकील हिमांशु पाठक 6 दिन की ईडी रिमांड पर

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक को विशेष अदालत ने 6 दिन की प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को देर रात पीएमएलए (PMLA) स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां लंबी सुनवाई के बाद आधी रात को रिमांड पर फैसला सुनाया गया। अब ईडी 28 नवंबर तक आरोपी से पूछताछ करेगी।

आधी रात तक चली स्पेशल कोर्ट की कार्यवाही

मामले में अभियोजन और बचाव पक्ष के बीच देर रात तक बहस चली। इसके बाद स्पेशल जज ने आधी रात को आदेश जारी करते हुए आरोपी को 6 दिन के लिए ईडी की कस्टडी में सौंप दिया। बताया जा रहा है कि रायपुर कोर्ट के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी मामले में पीएमएलए स्पेशल कोर्ट में आधी रात तक सुनवाई चली और फैसला सुनाया गया।

15 करोड़ की रिश्वत के आरोपों की जांच

हिमांशु पाठक पर महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामले को निपटाने के एवज में 15 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। पूछताछ के दौरान मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर ने यह आरोप लगाए थे। इसी कड़ी में ईडी आरोपी वकील से पूछताछ कर पैसों के लेन-देन और पूरे नेटवर्क से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।

दिल्ली समेत कई ठिकानों पर ईडी की दबिश

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ईडी ने दिल्ली समेत कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी की है। एजेंसी द्वारा मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए रिश्वत के आरोपों और इससे जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Share with