सीएम विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता: घायल नंदकुमार साय को हेलीकॉप्टर से लाए रायपुर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें हेलीकॉप्टर से अपने साथ रायपुर लाया है। पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है। उन्होंने बताया कि जशपुर प्रवास के दौरान उनके निवास के समीप आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इसी दौरान वे रात में नंदकुमार साय के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में तकलीफ हो रही थी। सोमवार को उन्हें रायपुर आना ही था, इसलिए सड़क यात्रा की असुविधा से बचाने और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वे नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर ले आए। उन्होंने बताया कि नंदकुमार साय के उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।

Share with