शादी समारोह में आवारा पशु का आतंक, महिला के कूल्हे में हेयरलाइन फ्रैक्चर

कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बावजूद नगर की सड़कों पर घूम रहे निराश्रित पशु,

नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

रामानुजगंज। नगर में आवारा पशुओं का आतंक अब लोगों के लिए गंभीर परेशानी बनता जा रहा है। ताजा मामला एक शादी समारोह का है,जहां भोजन करने पहुंची एक महिला आवारा पशु की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पशु के अचानक तेज रफ्तार से बगल से दौड़ने के कारण महिला अपना संतुलन खो बैठी और कुछ दूर जाकर गिर पड़ी। घटना के बाद महिला ने कई बार उठने का प्रयास किया,लेकिन दर्द के कारण वह खड़ी नहीं हो सकी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे सहारा देकर उठाया और तत्काल संजीवनी हॉस्पिटल पहुंचाया।

जांच में महिला के कूल्हे की हड्डी में हेयरलाइन फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई। इसके बाद परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए तत्काल अंबिकापुर लेकर रवाना हुए, जहां उसका इलाज मिशन हॉस्पिटल में जारी है।बताया गया कि नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी अजय कुमार केशरी,पिता स्वर्गीय रामलाल केशरी के पुत्र के विवाह समारोह का आयोजन आमंत्रण धर्मशाला में किया गया था। इसी समारोह में परिवार की महिला सदस्य भोजन करने पहुंची थीं। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

कलेक्टर के निर्देशों की हो रही अनदेखी

गौरतलब है कि बलरामपुर रामानुजगंज जिले के कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने समय-सीमा की बैठक में नगर पालिका परिषद रामानुजगंज को आवारा एवं निराश्रित पशुओं की समस्या को लेकर कड़े निर्देश दिए थे। उन्होंने 22 अक्टूबर 2026 से विभागों की संयुक्त टीम गठित कर नगर क्षेत्र में घूम रहे घुमंतू एवं निराश्रित पशुओं को पकड़ने और उनके समुचित व्यवस्थापन की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए थे।

इसके साथ ही आम नागरिकों में जागरूकता लाने के लिए पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के प्रावधानों एवं दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी ब्रोशर और पंपलेट के माध्यम से प्रसारित करने तथा निदान 1100 हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए थे।

हादसों के बाद भी नहीं जाग रहा नगर पालिका प्रशासन

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश जारी हुए लगभग एक माह बीत चुका है, लेकिन नगर की सड़कों पर आज भी आवारा पशु खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई करने के निर्देशों का पालन अब तक क्यों नहीं हुआ? क्या नगर पालिका प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

शादी समारोह में महिला के साथ हुई यह घटना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। शहरवासियों का कहना है कि आवारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। यदि समय रहते इन पशुओं के पकड़ने और उचित व्यवस्थापन की कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। अब देखना होगा कि इस घटना के बाद नगर पालिका प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ठोस कार्रवाई करता है या कलेक्टर के निर्देश केवल कागजों तक ही सीमित रहेंगे।

Share with