करंट से हाथियों की मौत पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट सख्त: जंगलों में 20 फीट ऊंचे होंगे बिजली के तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने करंट लगने से हाथियों की लगातार हो रही मौतों के मामले में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार और बिजली विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने वन एवं ऊर्जा विभाग से इस मामले में जवाबदेही तय करने का आदेश देते हुए बिजली विभाग से शपथ पत्र भी मांगा है।

कोर्ट ने भारत सरकार की 2020 की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने को कहा है। इसके तहत वन क्षेत्रों के ऊपर से गुजरने वाली बिजली लाइनों की ऊंचाई कम से कम 20 फीट करनी होगी और नीचे पड़े या ढीले तारों को हटाना होगा। साथ ही, 11 केवी और एलटी लाइनों में नंगे तारों की जगह कवर्ड कंडक्टर (इंसुलेटेड केबल) लगाने पर जोर दिया गया है।

पिछली सुनवाई में कोर्ट द्वारा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से मांगे गए शपथ पत्र और 31 अगस्त 2026 को पेश रिकॉर्ड के अनुसार, वन विभाग और विद्युत वितरण कंपनी मिलकर संवेदनशील हाथी विचरण क्षेत्रों में ढीले तारों को कसने और इंसुलेटेड केबल लगाने का काम कर रहे हैं।

इसके अलावा, हाथी प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को खेतों या बाड़ में अवैध रूप से करंट दौड़ाने से रोका जा रहा है और किसानों को बिजली पंप के बजाय सोलर पैनल आधारित सिंचाई अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। गौरतलब है कि सरगुजा, रायगढ़, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर और बिलासपुर वन क्षेत्रों में ढीली लाइनों और खेतों में बिछाए गए अवैध तारों की चपेट में आने से हाथियों की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

हाल ही में उदयपुर वन परिक्षेत्र के कुसवामुंडा जंगल में फसल बचाने के लिए बिछाए गए अवैध तार से एक 8 वर्षीय हथिनी की मौत हो गई, वहीं कोरबा वनमंडल के एक नाले में भी करंट लगने की आशंका के चलते एक हाथी का शव मिला। इसके अतिरिक्त, रायगढ़ जिले की एक नदी में दो हाथियों के शव तैरते पाए गए थे, जिनकी मौत करंट से होने की पुष्टि होने के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Share with