संविधान बचाने सड़कों पर उतरी कांग्रेस, दीपक बैज का निशाना- ‘मोदी वाशिंग पाउडर’ सबसे बड़ा खतरा

रायपुर। कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ‘ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च का आयोजन किया, जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत और अन्य नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

कार्यक्रम के दौरान दीपक बैज ने आरोप लगाया कि ‘मोदी वाशिंग पाउडर‘ संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा है और देश में एक ओर सरकारी संपत्तियों को बेचने का काम चल रहा है, तो दूसरी ओर उन्हें बचाने की लड़ाई लड़ी जा रही है, साथ ही उन्होंने 2029 में राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनने का दावा भी किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने संविधान को गरीबों की रोटी,

140 करोड़ नागरिकों के सम्मान और युवाओं के भविष्य की गारंटी बताते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था के बजाय सरकारी दफ्तर की तरह काम कर रहा है। हालांकि, भगत की ट्रेन लेट होने के कारण वे सहप्रभारी जितेन्द्र भगत और हरनाम सिंह के साथ लगभग साढ़े चार घंटे देरी से पहुंचे,

जिसकी वजह से कार्यक्रम निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से शुरू हो सका। वहीं, महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने राज्य सरकार को घेरते हुए किसानों का रकबा काटने, बेमौसम बारिश से हुए फसल नुकसान की अनदेखी करने, युवाओं की बेरोजगारी और प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के मुद्दे उठाए।

Share with