महादेव सट्टा ऐप केस: छत्तीसगढ़ में ED की बड़ी कार्रवाई, रायपुर से धमतरी और दिल्ली तक ताबड़तोड़ छापेमारी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बैटिंग और सट्टा ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी सहित कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस अभियान के तहत रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में जेल एवं होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेन्द्र सिंह के आवास पर टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है।

इसके अलावा, दुर्ग-भिलाई के एक चर्चित होटल संचालक के ठिकानों और धमतरी में ऐप के मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर के एक रिश्तेदार के घर पर भी जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर ED ने अपनी जांच का दायरा दिल्ली तक बढ़ाते हुए लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों तथा उनकी 9 कंपनियों पर भी छापेमारी की है।

राहुल मक्कर ने दुबई में हुई सौरभ चंद्राकर की शाही शादी में कैटरिंग का काम संभाला था। जांच एजेंसी को संदेह है कि सट्टेबाजी से कमाए गए करोड़ों रुपये इन लोगों और कंपनियों के माध्यम से आगे पहुंचाए गए, जिनका निवेश दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में किया गया है। फिलहाल सभी ठिकानों पर वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की गहन पड़ताल चल रही है, हालांकि एजेंसी की ओर से अभी तक इस कार्रवाई पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Share with