स्वदेशी विकल्प नहीं, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का संकल्प है: उप मुख्यमंत्री अरुण साव

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना केवल खरीदारी का विकल्प नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता से जुड़ा संकल्प है। नागरिकों को विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम कर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि देश के छोटे उद्योगों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को आर्थिक मजबूती मिल सके।

उप मुख्यमंत्री गुरुवार को बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों के स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्तुओं और स्थानीय कारीगरों की कलाकृतियों का अवलोकन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 17 वर्षों से आयोजित हो रहा यह मेला लगातार स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का माध्यम बना हुआ है। इस वर्ष मेले में देश के विभिन्न राज्यों की खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं के 305 स्टॉल लगाए गए हैं।

अरुण साव ने कहा कि शिल्पकारों और कारीगरों की मेहनत से तैयार उत्पादों को बाजार और उपभोक्ताओं का समर्थन मिलना जरूरी है। स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों के परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और छोटे उद्योगों को रोजगार के नए अवसर मिलते हैं। केवल स्वदेशी अपनाने का नारा लगाने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि बाजार में खरीदारी करते समय स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की आदत विकसित करनी होगी।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिक कठिन परिस्थितियों में रहकर मातृभूमि की रक्षा करते हैं। उनके त्याग और बलिदान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और राष्ट्रीय स्वाभिमान को आगे बढ़ाने का एक माध्यम है। विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता बढऩे से दूसरे देशों की अर्थव्यवस्था को लाभ मिलता है, इसलिए देशवासियों को अपने उत्पादों और स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। भारत की सोच केवल अपने विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व कल्याण की भावना से भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर से शुरू हुआ स्वदेशी मेला सातवें दिन में प्रवेश कर चुका था और 27 नवंबर को इसका समापन हुआ। समापन अवसर पर साहित्य सम्मान के तहत पत्रकार अशोक व्यास को सम्मानित किया गया। वहीं अद्वैत फॉर्म को भी उनकी सराहनीय पहल के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय सह समन्वयक स्वावलंबी भारत अभियान जितेंद्र गुप्ता, विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, निगम सभापति विनोद सोनी, डॉ. आशीष जायसवाल, राजेश सिंह, प्रफुल्ल शर्मा, सुशील श्रीवास्तव, गुलशन ऋषि, कमल सोनी सहित स्वदेशी अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे

Share with