गुजरात प्रवास पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लिया विभिन्न संस्थानों का जायजा, महिला सशक्तिकरण व डेयरी विकास पर हुई चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने गुजरात प्रवास के दौरान वहां संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और संस्थानों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। गांधीनगर में उन्होंने गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी से सौजन्य भेंट कर बस्तर क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और डेयरी विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की, ताकि गुजरात के सफल नवाचारों को छत्तीसगढ़ में भी लागू किया जा सके।

दौरे के दौरान मंत्री राजवाड़े ने गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम कराई स्थित ‘नंद घर‘ पहुंचकर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और महिलाओं से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की और वहां की आधुनिक व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस मॉडल से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को भी अधिक सुविधायुक्त बनाया जाएगा।

इसके अतिरिक्त उन्होंने गांधीनगर स्थित विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी (SAA) में बच्चों के संरक्षण व देखभाल तथा सेक्टर-15 स्थित समर्थ बॉयज हॉस्टल की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।गांधीनगर सचिवालय में उन्होंने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. मनीषाबेन वकील से मुलाकात कर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर गुजरात के विभागीय सचिव राकेश शंकर, सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा और छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक रेणुका श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं। प्रवास के क्रम में मंत्री ने नर्मदा जिले के केवड़िया स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पहुंचकर लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया। उनका यह दौरा छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी सेवाओं और महिला कल्याणकारी योजनाओं को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।

Share with