बलरामपुर चलगली थाना क्षेत्र की रनहत चौकी अंतर्गत ग्राम चंदौरा में गौ हत्या के आरोप में पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को गांव निवासी सूदन हड़्डे ने अपनी लाल रंग की गाय चराने के दौरान जंगल में छूट जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान 24 सितंबर को गाय के चार कटे हुए पैर धर्मजीत अगरिया के घर के पास शौचालय के लिए बनाए गए सोख्ता में मिले।
मामले में गांव में पंचायत बैठक कर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने गाय को मारकर उसका मांस खाने की बात स्वीकार की। इसके बाद रनहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजेश कुम्हरिया, प्रदीप चरघट, धर्मजीत अगरिया, रविशंकर, अमरसाय, नधुराम, कोमला, फूलबसिया और रेशमा उर्फ फुल्ली को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 325, 3(5) बीएनएस तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 के तहत कार्रवाई की है। सभी नौ आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


